(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 21 अप्रैल (भाषा) ईरान के साथ सात सप्ताह से जारी युद्ध को समाप्त करने को लेकर शांति वार्ता के लिए अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस की इस्लामाबाद यात्रा स्थगित कर दी गई। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की मंगलवार को प्रकाशित एक खबर में यह जानकारी सामने आई है।
खबर के मुताबिक, ईरान ने अमेरिका के वार्ता प्रस्तावों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जिसके बाद वेंस की यात्रा स्थगित कर दी गयी।
वेंस को मंगलवार सुबह इस्लामाबाद के लिए रवाना होना था, जहां बुधवार को वार्ता फिर से शुरू होनी थी।
बुधवार को अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समाप्त होने वाला है। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की खबर में अमेरिका के एक अधिकारी के हवाले से बताया गया कि ईरान की प्रतिक्रिया न मिलने के कारण राजनयिक प्रक्रिया फिलहाल रुकी हुई है हालांकि यात्रा रद्द नहीं की गई है।
अगर ईरान के वार्ताकार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को स्वीकार्य जवाब देते हैं, तो यह यात्रा तुरंत दोबारा शुरू हो सकती है।
खबर के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारी इस बात का स्पष्ट संकेत भी चाहते हैं कि ईरान के वार्ताकारों को समझौता करने के लिए पूरी तरह से अधिकार दिए गए हैं। वाशिंगटन पोस्ट ने इस देरी का कारण व्हाइट हाउस में वेंस की ‘अतिरिक्त नीतिगत बैठकों’ को बताया।
इस बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस्लामाबाद में संभावित वार्ता से पहले ईरान से अभियोग का सामना कर रही आठ महिलाओं को रिहा करने का आह्वान किया।
राष्ट्रपति ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर छह महिलाओं और दो नाबालिगों की एक तस्वीर साझा की।
ट्रंप ने कहा, “मुझे यकीन है कि वे आपके इस कदम का सम्मान करेंगे। कृपया उन्हें कोई नुकसान न पहुंचाएं!”
उन्होंने कहा, “यह हमारी वार्ता की एक शानदार शुरुआत होगी।”
मानवाधिकार समूहों के अनुसार, ट्रंप द्वारा साझा की गई तस्वीर में दिख रही पांच महिलाओं को इस साल की शुरुआत में ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन
रंजन