पेरिस, 28 मार्च (एपी) अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के उस दावे को खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन किसी युद्धविराम योजना के तहत अमेरिकी सुरक्षा गारंटी के बदले यूक्रेन से उसके पूर्वी डोनबास क्षेत्र को रूस को सौंपने की मांग कर रहा है।
फ्रांस में जी-7 की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में रुबियो ने जेलेंस्की की हालिया टिप्पणी का खंडन करते हुए कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन के साथ बातचीत में ऐसी कोई शर्त नहीं रखी है।
रुबियो ने कहा, “यह झूठ है। वह (जेलेंस्की) अच्छी तरह जानते हैं कि यह सत्य नहीं है और उनसे ऐसा कुछ नहीं कहा गया।”
इस सप्ताह प्रकाशित एक साक्षात्कार में जेलेंस्की ने ‘रॉयटर्स’ से कहा था कि अमेरिका, यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने के प्रस्ताव को डोनबास क्षेत्र छोड़ने की शर्त से जोड़ रहा है। डोनबास यूक्रेन का औद्योगिक केंद्र है, जिस पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन लंबे समय से नजर रखे हुए हैं।
रूस की सेना इस क्षेत्र के अधिकांश हिस्से पर कब्जा कर चुकी है, हालांकि वह अब तक अग्रिम मोर्चे के सबसे मजबूत किलेबंद हिस्सों में से एक भूभाग पर पूरी तरह कब्जा नहीं कर पाई है।
एपी खारी अमित
अमित