(BMW Vision K18/ Image Credit: BMW)
नई दिल्ली: BMW Vision K18: BMW मोटरराड ने अपनी नई कॉन्सेप्ट मोटरसाइकिल Vision K18 पेश की है जो भविष्य की हाई-परफॉर्मेंस टूरिंग बाइक्स की झलक दिखाती है। कंपनी ने इस खास बाइक को लेक कोमो के किनारे कन्कोर्सो डी एलिगेंजा विला डी एस्टे में प्रदर्शित किया। फिलहाल यह केवल एक कॉन्सेप्ट मॉडल है। लेकिन कंपनी का कहना है कि यह आने वाले समय की लग्जरी और पावरफुल टूरिंग बाइक्स की दिशा तय कर सकती है।
BMW के अनुसार Vision K18 को सिर्फ आधुनिक तकनीक दिखाने के लिए नहीं बनाया गया। बल्कि इसका मकसद शानदार डिजाइन और बेहतर राइडिंग अनुभव देना भी है। कंपनी ने इसमें फ्यूचरिस्टिक लुक और प्रीमियम स्टाइल का खास ध्यान रखा है। यह बाइक लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक और रोमांचक बनाने के विचार पर आधारित है।
इस कॉन्सेप्ट बाइक में 1,800cc का इनलाइन-सिक्स इंजन दिया गया है जो इसकी सबसे खास चीजों में शामिल है। बाइक की पूरी बॉडी को इसी इंजन के आसपास डिजाइन किया गया है। BMW ने इंजन को खुला रखा है ताकि यह डिजाइन का मुख्य हिस्सा दिखाई दे। कंपनी ने इसे ‘हीट ऑफ स्पीड’ थीम पर तैयार किया है। जिससे बाइक में ताकत और ऊर्जा का एहसास मिलता है।
Vision K18 का डिजाइन काफी अलग और आकर्षक दिखाई देता है। इसे कॉनकॉर्ड जैसे सुपरफास्ट विमान से प्रेरणा लेकर तैयार किया गया है। बाइक में 6 एयर इंटेक, 6 एग्जॉस्ट पाइप और 6 LED हेडलाइट्स दी गई हैं जो इसके 6-सिलेंडर इंजन की पहचान को दर्शाती हैं। इसका एयरोडायनामिक डिजाइन इसे खड़ी हालत में भी बेहद तेज और स्पोर्टी लुक देता है।
इस बाइक के कई एल्युमीनियम बॉडी पैनल हाथों से बनाए गए हैं। इसका एक साइड पैनल 2 मीटर से ज्यादा लंबा है जो इसे बेहद खास बनाता है। डिजाइन को प्रीमियम लुक देने के लिए कार्बन फाइबर और चमकदार मेटल एक्सेंट का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा हाइड्रॉलिक सस्पेंशन, खास एयर इंटेक और आधुनिक लाइटिंग सिस्टम इसे भविष्य की शानदार टूरिंग बाइक जैसा अनुभव देता है।