बिहार का जीएसटी संग्रह 4.09 प्रतिशत बढ़ा, 43,325 करोड़ रुपये हासिल हुए
बिहार का जीएसटी संग्रह 4.09 प्रतिशत बढ़ा, 43,325 करोड़ रुपये हासिल हुए
पटना, एक अप्रैल (भाषा) बिहार में वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य के कर संग्रहण में वृद्धि दर्ज की गई है।
बुधवार को राज्य कर विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक माल एवं सेवा कर (जीएसटी) और गैर-जीएसटी को मिलाकर राज्य का कुल कर संग्रह वित्तीय वर्ष 2025-26 में 43,325 करोड़ रुपये रहा, जो वर्ष 2024-25 के 41,553 करोड़ रुपये की तुलना में 4.09 प्रतिशत अधिक है।
विभाग के अनुसार राज्य सरकार ने वर्ष 2025-26 में जीएसटी और गैर-जीएसटी मदों से 46,500 करोड़ रुपये के कर संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसकी तुलना में 93.17 प्रतिशत संग्रह प्राप्त किया गया।
इस बीच खान एवं भूतत्व विभाग ने भी वित्तीय वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 3,592.60 करोड़ रुपये के राजस्व की वसूली की, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त 3,536.21 करोड़ रुपये से 56.39 करोड़ रुपये अधिक है।
उपमुख्यमंत्री और खान एवं भूतत्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विभाग वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तय 3,850 करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य को हासिल करने के करीब पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि विभाग ने पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में अधिक राजस्व प्राप्त किया है, जबकि इस दौरान 78 बालू घाट सरेंडर कर दिए गए थे, जिससे सरकार को करीब 600 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि खान एवं भूतत्व विभाग को वित्तीय वर्ष 2024-25 में विभिन्न कार्य विभागों से कुल 511 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे, जबकि समाप्त वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह राशि घटकर 369 करोड़ रुपये रह गई, जिससे करीब 150 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
सिन्हा ने बताया कि 31 मार्च 2026 को कार्य समाप्ति के समय तकनीकी कारणों से विभाग को विभिन्न एजेंसियों और विभागों से लगभग 309 करोड़ रुपये प्राप्त नहीं हो सके।
भाषा कैलाश जोहेब
जोहेब

Facebook


