बिहार में ‘अच्छी खबर’ की प्रतीक्षा में भाजपा: रविशंकर प्रसाद

Ads

बिहार में ‘अच्छी खबर’ की प्रतीक्षा में भाजपा: रविशंकर प्रसाद

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 06:13 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 06:13 PM IST

(तस्वीर के साथ)

पटना, छह अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को कहा कि पार्टी बिहार में ‘अच्छी खबर’ की प्रतीक्षा कर रही है।

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रमुख और सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। कुमार ने पिछले सप्ताह राज्य विधान परिषद की सदस्यता छोड़ दी थी और अगले कुछ दिनों में सांसद के रूप में उनके शपथ लेने की संभावना है।

पटना साहिब से लोकसभा सदस्य प्रसाद ने यह टिप्पणी भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में की।

भाजपा की युवा इकाई से 1980 के दशक में राजनीति शुरू करने वाले प्रसाद ने कहा, ‘‘1984 के लोकसभा चुनाव में हम केवल दो सीटें जीत सके थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम लगातार मजबूत हुए हैं। हम बिहार में भी अच्छी खबर की उम्मीद कर रहे हैं।’’

राजनीतिक हलकों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि 75 वर्षीय नीतीश कुमार अगले सप्ताह तक सत्ता की कमान छोड़ सकते हैं और पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भाजपा को अंततः बिहार में अपना मुख्यमंत्री मिल सकता है। हिंदी भाषी राज्यों में बिहार ही एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां भाजपा अब तक सरकार का नेतृत्व नहीं कर पाई है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रसाद ने इस महीने चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की संभावनाओं के बारे में कहा, ‘‘असम में हम आराम से सत्ता बरकरार रखेंगे। पश्चिम बंगाल में हम सत्ता हासिल करेंगे। तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी, जबकि केरल में भाजपा पहले से अधिक मजबूत होकर उभरेगी।’’

कार्यक्रम में मौजूद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संवाददाताओं से कहा, “यह हमारे लिए खुशी की बात है कि भाजपा 47 वर्ष की हो गई है। वह अगले 4700 वर्षों तक बिहार पर शासन करे।”

चौधरी के पास इस समय बिहार का गृह विभाग भी हैं और नेतृत्व परिवर्तन की स्थिति में उन्हें शीर्ष पद का दावेदार माना जा रहा है।

भाषा कैलाश धीरज

धीरज