लड़कियों को सुरक्षित महसूस कराने के लिए स्कूल-कॉलेज के पास ‘पुलिस दीदी’ तैनात की जाएंगी : सम्राट

लड़कियों को सुरक्षित महसूस कराने के लिए स्कूल-कॉलेज के पास ‘पुलिस दीदी’ तैनात की जाएंगी : सम्राट

लड़कियों को सुरक्षित महसूस कराने के लिए स्कूल-कॉलेज के पास ‘पुलिस दीदी’ तैनात की जाएंगी : सम्राट
Modified Date: June 18, 2026 / 09:32 pm IST
Published Date: June 18, 2026 9:32 pm IST

पटना, 18 जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी सरकार की ‘‘सर्वोच्च प्राथमिकता’’ है और लड़कियों को सुरक्षित महसूस कराने के लिए स्कूल-कॉलेज के आसपास ‘‘पुलिस दीदी’’ तैनात की जाएंगी।

सम्राट ने यह बात नवनियुक्त होमगार्ड जवानों की पासिंग आउट परेड के निरीक्षण के दौरान आयोजित एक समारोह में कही।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य के 13 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी महिला आबादी, खासकर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से हमने स्कूल-कॉलेज के आसपास ‘पुलिस दीदी’ तैनात करने का फैसला लिया है। ये ‘पुलिस दीदी’ स्कूटर और मोटरसाइकिल से लैस होंगी और सुनिश्चित करेंगी कि हमारी बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस करें।’’

अप्रैल में बिहार के मुख्यमंत्री बने सम्राट के इस बयान को महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं को लेकर विपक्ष की ओर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर लगातार किए जा रहे हमलों की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सम्राट बिहार में सरकार का नेतृत्व करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पहले नेता हैं।

मुख्यमंत्री ने चुनाव जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में होमगार्ड के जवानों की भूमिका की भी सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान देशभर में 1.10 लाख होमगार्ड तैनात किए गए थे और मतदान इतनी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ कि कहीं भी पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। एक साल बाद हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी 44,000 होमगार्ड जवानों ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’

गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे सम्राट ने कहा कि उनकी सरकार होमगार्ड के जवानों के कल्याण को लेकर संवेदनशील रही है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साल सितंबर में जब राजग सरकार का नेतृत्व जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार कर रहे थे, तब होमगार्ड के जवानों का मानदेय 774 रुपये से बढ़ाकर 1,121 रुपये कर दिया गया था।’’

भाषा

कैलाश पारुल

पारुल


लेखक के बारे में