केजरीवाल को आरोपमुक्त किए जाने का तेजस्वी ने किया स्वागत
केजरीवाल को आरोपमुक्त किए जाने का तेजस्वी ने किया स्वागत
पटना, 27 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल और अन्य को आबकारी नीति मामले में आरोपमुक्त किए जाने के आदेश का स्वागत किया और राष्ट्रीय राजधानी में पुनः चुनाव कराए जाने की मांग की।
दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 21 अन्य लोगों को शराब नीति मामले में आरोपमुक्त कर दिया और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से नाराजगी जताते हुए कहा कि उसका मामला न्यायिक समीक्षा में खरा उतरने में पूरी तरह विफल रहा।
यादव ने पटना में संवाददाताओं से कहा, ‘‘विपक्षी नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। इस कारण अरविंद केजरीवाल ने काफी कष्ट झेला है। हम मांग करते हैं कि दिल्ली में फिर से चुनाव कराए जाएं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) हो, सीबीआई हो या कोई अन्य संवैधानिक संस्था, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सब कुछ अपने कब्जे में कर लिया है। ये संस्थाएं तथ्यों या साक्ष्यों के बजाय प्रधानमंत्री कार्यालय या गृह मंत्री के कहने पर काम करती हैं।’’
यादव ने कहा कि दिल्ली की अदालत ने जांच अधिकारी (आईओ) के खिलाफ भी मामला दर्ज करने का आदेश दिया है जो ‘‘भाजपा के आचरण को स्पष्ट रूप से उजागर करता है।’’
राजद नेता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल को आरोपमुक्त किया जाना “भाजपा की राजनीतिक प्रतिशोध की बड़ी प्रवृत्ति” का हिस्सा है।
उन्होंने कहा, “यह सिर्फ केजरीवाल की बात नहीं है। राहुल गांधी, लालू (प्रसाद) जी और हमारा पूरा परिवार शुरू से ही भाजपा के राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार रहा है।”
यादव ने अपने और अपने परिवार के सदस्यों के खिलाफ दर्ज कई मुकदमों का बचाव करते हुए कहा, ‘‘चाहे वह आईआरसीटीसी मामला हो या जमीन के बदले नौकरी मामला, रेलवे ने यह तक स्वीकार नहीं किया है कि कोई घोटाला हुआ।’’
इस बीच, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि केजरीवाल और अन्य को आरोपमुक्त किए जाने के अदालत के आदेश का “सम्मान किया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, “संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को संवैधानिक संस्थाओं के हर निर्णय का स्वागत करना चाहिए।”
भाषा कैलाश सिम्मी
सिम्मी

Facebook


