जुलाई में सेवा उत्पादन सूचकांक के 10 उप-क्षेत्रों ने दर्ज की दोहरे अंक की वृद्धि

Ads

जुलाई में सेवा उत्पादन सूचकांक के 10 उप-क्षेत्रों ने दर्ज की दोहरे अंक की वृद्धि

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 05:26 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 05:26 PM IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) जुलाई में 19 सेवा उप-क्षेत्रों में से 10 ने दोहरे अंक में वृद्धि दर्ज की है। मंगलवार को जारी सेवा उत्पादन सूचकांक (आईएसपी) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार प्रायोगिक आधार पर प्रकाशित आईएसपी आंकड़ों से पता चला है कि जुलाई में 17 उप-क्षेत्रों ने सकारात्मक वृद्धि दर्ज की।

मंत्रालय ने कहा कि मरम्मत सेवाओं और हवाई परिवहन को छोड़कर सभी श्रेणियों ने सालाना आधार पर जुलाई में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की। इस दौरान हवाई परिवहन में 8.4 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि मरम्मत सेवाओं में पांच प्रतिशत का संकुचन दर्ज किया गया।

एमओएसपीआई ने 2024-25 को आधार वर्ष मानते हुए 19 उप-क्षेत्रों के लिए जुलाई, 2026 के आईएसपी आंकड़े जारी किए हैं।

जुलाई, 2026 में सबसे मजबूत वृद्धि दर्ज करने वाले प्रमुख उप-क्षेत्रों में प्रशासनिक एवं सहायक सेवाएं (20.9 प्रतिशत), खुदरा व्यापार (18.5 प्रतिशत), रियल एस्टेट (14.4 प्रतिशत), आवास एवं खाद्य सेवाएं (12.6 प्रतिशत) और बैंकिंग (12.3 प्रतिशत) शामिल रहे।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘जुलाई, 2025 की तुलना में जुलाई, 2026 में 19 में 10 उप-क्षेत्रों ने दोहरे अंक में वृद्धि दर्ज की। कुल 19 में 17 उप-क्षेत्रों ने सकारात्मक वृद्धि दर्ज की है।’’

उप-क्षेत्रों का पहला प्रायोगिक आईएसपी 14 जुलाई, 2026 को जारी किया गया, जो अप्रैल, 2026 के लिए था। मंत्रालय ने बताया कि ये मासिक आईएसपी आंकड़े अभी प्रायोगिक आधार पर प्रकाशित किए जा रहे हैं।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय