नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) ‘मेदांता’ ब्रांड के तहत विशेष चिकित्सा सुविधाओं वाले अस्पतालों का संचालन करने वाली ग्लोबल हेल्थ लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 10,560 वर्ग मीटर जमीन करीब 165.82 करोड़ रुपये में खरीदी है। इस जमीन पर 350 से अधिक बिस्तर का अस्पताल बनाया जाएगा।
कंपनी ने मंगलवार को बयान में बताया कि प्रस्तावित अस्पताल परियोजना के लिए सामान्य और कानूनी मंजूरियों के साथ-साथ कंपनी के निदेशक मंडल की मंजूरी भी जरूरी होगी।
ग्लोबल हेल्थ के अनुसार, प्रस्तावित अस्पताल का उद्देश्य दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत करना और गाजियाबाद के साथ-साथ पूर्वी दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर, हापुड़, बुलंदशहर तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की मांग को पूरा करना है।
ग्लोबल हेल्थ ग्रुप के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं निदेशक पंकज साहनी ने कहा, ‘‘हम दिल्ली-एनसीआर के व्यापक बाजार में गाजियाबाद को दीर्घकालिक स्वास्थ्य सेवा के लिहाज से एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखते हैं। इस क्षेत्र में शहरी तथा आर्थिक वृद्धि तेजी से हुई है। साथ ही उन्नत तथा विशेष स्वास्थ्य सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है।’’
ग्लोबल हेल्थ वर्तमान में गुरुग्राम, इंदौर, रांची, लखनऊ, पटना और नोएडा में छह अस्पतालों का संचालन करती है। 30 जून, 2026 तक इन अस्पतालों में कुल 3,737 बिस्तर थे।
कंपनी मुंबई, दिल्ली (पीतमपुरा और दक्षिण दिल्ली), गुवाहाटी तथा वाराणसी में पांच नए अस्पताल भी बना रही है।
भाषा निहारिका अजय
अजय