नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) विशेष इस्पात के लिए पीएलआई योजना के तहत 35 कंपनियों ने कुल 79 आवेदन किए हैं। केंद्रीय इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को यहां अखिल भारतीय प्रबंधन संघ (एआईएमए) द्वारा आयोजित ‘राष्ट्रीय प्रबंधन सम्मेलन’ में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ”आवेदन करने की अंतिम तारीख दो दिन पहले खत्म हो गई। हमें 35 कंपनियों से करीब 79 आवेदन मिले हैं। हमें विशेष इस्पात की 2.8 करोड़ टन प्रतिवर्ष क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। इससे रोजगार के 70,000 मौके तैयार होंगे।”
इस्पात मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि आवेदकों में टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, जेएसपीएल, एएमएनएस इंडिया और सेल जैसी सभी प्रमुख इस्पात कंपनियां शामिल हैं।
अधिकारी के मुताबिक हालांकि किसी विदेशी संस्था से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। अधिकारियों ने कहा कि प्रस्तावों की छंटनी के बाद सरकार एक अंतिम सूची जारी करेगी, जिसमें लगभग 35-40 दिन लगेंगे।
सरकार ने विशेष इस्पात के लिए पीएलआई (उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन) योजना के तहत आवेदन करने के लिए 15 सितंबर की समयसीमा तय की थी।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले साल जुलाई में भारत में विशेष इस्पात के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 6,322 करोड़ रुपये की पीएलआई योजना को मंजूरी दी थी।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण