आंध्र के मुख्यमंत्री विजयवाड़ा में ‘एमएसएमई ग्रोथ समिट’ में 38 औद्योगिक पार्क का उद्घाटन करेंगे

Ads

आंध्र के मुख्यमंत्री विजयवाड़ा में ‘एमएसएमई ग्रोथ समिट’ में 38 औद्योगिक पार्क का उद्घाटन करेंगे

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 01:41 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 01:41 PM IST

अमरावती, 24 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सोमवार को राज्य भर में 38 एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम) पार्क का वर्चुअल रूप से उद्घाटन करेंगे।

यह पहल सरकार द्वारा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों का एक हिस्सा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार का दृष्टिकोण परिचालन के लिए तैयार (प्लग एंड प्ले) बुनियादी ढांचे और कलस्टर-आधारित विकास के माध्यम से सभी 175 विधानसभा क्षेत्रों में औद्योगिक पार्क स्थापित करना है और इसी के मद्देनजर ये पार्क स्थापित किए जा रहे हैं।

‘प्लग-एंड-प्ले’ ऐसे बुनियादी ढांचे होते हैं, जहां सारी जरूरी सुविधाएं पहले से तैयार हों और कंपनी अपना काम फौरन शुरू कर सके।

यहां शनिवार देर रात जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘राज्य सरकार 25 मई को विजयवाड़ा में आयोजित होने वाले ‘एमएसएमई ग्रोथ समिट 2026’ में 38 एमएसएमई पार्क का वर्चुअल रूप से उद्घाटन करेगी… यह शिखर सम्मेलन आंध्र प्रदेश को वैश्विक औद्योगिक रूप में स्थापित करने और राज्य भर में एमएसएमई-आधारित विकास को गति देने की दिशा में एक और बड़ा कदम होगा।’’

बयान में कहा गया है कि इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण एवं अन्य मंत्रियों, उद्योगपतियों और हितधारकों के भाग लेने की उम्मीद है।

भाषा यासिर अजय

अजय