तोतापुरी आम उत्पादकों के लिए आंध्र के मुख्यमंत्री ने केंद्र से मांगा सहयोग

Ads

तोतापुरी आम उत्पादकों के लिए आंध्र के मुख्यमंत्री ने केंद्र से मांगा सहयोग

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 08:10 PM IST

अमरावती, 28 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को केंद्र सरकार से तोतापुरी आम की बागवानी करने वाले किसानों को वित्तीय सहायता देने का आग्रह किया।

नायडू ने कहा कि कीमतों में भारी गिरावट से किसान संकट का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार से बाजार हस्तक्षेप योजना (एमआईएस) के तहत मूल्य कमी भुगतान योजना (पीडीपीएस) लागू करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में 7.03 लाख टन तोतापुरी आम की खरीद के लिए 281 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मांगी।

उन्होंने किसानों को औने-पौने दाम पर फसल बेचने से बचाने के लिए राज्य सरकार के हस्तक्षेप में केंद्र से सहयोग देने का भी आग्रह किया।

नायडू ने कहा, ‘‘गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रहे तोतापुरी आम उत्पादक किसानों की मदद के लिए केंद्र सरकार को एमआईएस के तहत पीडीपीएस को लागू करना चाहिए।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश देश का सबसे बड़ा आम उत्पादक राज्य है। राज्य में 3.9 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में आम की बागवानी होती है, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 52.6 लाख टन उत्पादन होता है।

उन्होंने बताया कि तोतापुरी आम की बागवानी लगभग 91,011 हेक्टेयर क्षेत्र में होती है, जिसका अधिकांश हिस्सा रायलसीमा क्षेत्र में है। यहां करीब 8.6 लाख टन तोतापुरी आम का उत्पादन होता है और लाखों किसान परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी है।

नायडू ने कहा कि लागत बढ़ने और बाजार भाव में तेजी से गिरावट होने के कारण इस मौसम में किसान गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

भाषा योगेश यासिर

योगेश