नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) अरविंद फैशंस लिमिटेड का एकीकृत घाटा चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बढ़कर 213.13 करोड़ रुपये हो गया। इसका मुख्य कारण कोरोना वायरस महामारी है।
कंपनी ने बीएसई को बताया कि उसे साल भर पहले की समान तिमाही में 95.08 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
कंपनी ने कहा कि इस दौरान परिचालन से प्राप्त राजस्व साल भर पहले के 900.94 करोड़ रुपये से कम होकर 104.05 करोड़ रुपये पर आ गया।
कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जे. सुरेश ने कहा कि अप्रैल और मई में कारोबार लगभग पूरी तरह से बंद रहा। इसके कारण आलोच्य तिमाही में कारोबारी माहौल चुनौतीपूर्ण हो गया।
उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी का वित्तीय प्रदर्शन पर एक महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा। हमने इस व्यवधान से सामने आये अवसर का उपयोग करके लागत में महत्वपूर्ण कमी करने और कार्यशील पूंजी को व्यवस्थित करने समेत डिजिटल क्षमताओं के विस्तार पर ध्यान दिया है।’’
कंपनी ने कहा कि पहली तिमाही के अंत तक उसके 70 प्रतिशत स्टोर खुले थे, जो अब बढ़कर 80 प्रतिशत पर पहुंच गया है।
भाषा सुमन मनोहर
मनोहर