एयरटेल अफ्रीका में हिस्सेदारी बढ़ाकर 79 प्रतिशत करेगी भारती एयरटेल

Ads

एयरटेल अफ्रीका में हिस्सेदारी बढ़ाकर 79 प्रतिशत करेगी भारती एयरटेल

  •  
  • Publish Date - June 15, 2026 / 01:59 PM IST,
    Updated On - June 15, 2026 / 01:59 PM IST

नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) भारती एयरटेल को शेयर अदला-बदली समझौते के जरिये एयरटेल अफ्रीका में 28,220 करोड़ रुपये में 16.31 प्रतिशत तक हिस्सेदारी बढ़ाने की मंजूरी लगभग 100 प्रतिशत शेयरधारकों से मिल गई है।

कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि इस लेनदेन के बाद भारती एयरटेल की हिस्सेदारी एयरटेल अफ्रीका में मौजूदा 62.73 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 79 प्रतिशत हो जाएगी।

इसमें कहा गया, ‘‘ (भारती एयरटेल के) लगभग 100 प्रतिशत शेयरधारकों ने इस लेनदेन को मंजूरी दे दी है। इसका उद्देश्य प्रमुख रणनीतिक अनुषंगी कंपनी एयरटेल अफ्रीका पीएलसी में हिस्सेदारी को बढ़ाना है।’’

इस लेनदेन में भारती एयरटेल के प्रवर्तक समूह की इकाई इंडियन कॉन्टिनेंट इन्वेस्टमेंट लिमिटेड को तरजीही आधार पर शेयर जारी किए जाएंगे, जिसके बदले में एयरटेल अफ्रीका में उसकी 16.31 प्रतिशत हिस्सेदारी ली जाएगी।

बयान के अनुसार, यह लेनदेन एक नकद-रहित शेयर अदला-बदली है जो कंपनी को बिना किसी अतिरिक्त उधारी या नकद निकासी का एक बड़ा हिस्सा अधिग्रहित करने और एक उच्च-विकास वाली परिसंपत्ति में अपना आर्थिक हित बढ़ाने का अवसर देता है।

भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा, ‘‘ एयरटेल अफ्रीका हमारी विकास रणनीति के केंद्र में है और यह मजबूत प्रदर्शन देने के लिए अच्छी स्थिति में है। इससे हमारे एकीकृत राजस्व में इसका योगदान बढ़ेगा। शेयर अदला-बदली के रूप में संरचित, भारत का सबसे बड़ा यह लेनदेन एयरटेल की मुख्य गतिविधियों और भविष्य की विकास महत्वाकांक्षाओं के लिए पूंजी की मजबूती को बनाए रखता है।’’

उन्होंने कहा कि शेयरधारकों का भारी समर्थन संगठन में निवेशकों के विश्वास को मजबूत करता है।

मित्तल ने कहा, ‘‘ भविष्य में हमें अफ्रीका में दीर्घकालिक शेयरधारक मूल्य सृजन की महत्वपूर्ण संभावना दिखाई देती है।’’

भाषा निहारिका

निहारिका