(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि 2026-27 का बजट ‘‘ भविष्य के लिए तैयार भारत ’’ के निर्माण के उद्देश्य से बनाया गया है और इससे निर्यात एवं घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बजट में विनिर्माण, सेवाओं, निर्यात, महिलाओं, शिक्षा, कौशल विकास, मछुआरों, पशुपालन और नई प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
गोयल ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘ मैं इस बजट को ‘भविष्य के लिए तैयार भारत का बजट’ कहूंगा।’’
उन्होंने कहा कि करीब 350 सुधार पहले ही किए जा चुके हैं और विभिन्न पहल के माध्यम से सुधार की रफ्तार तेज हो रही है।
इसमें डेटा केंद्रों के लिए अभूतपूर्व लाभ की घोषणा की गई है और भारत के भविष्योन्मुखी एजेंडा को रेखांकित किया गया है।
संसद में रविवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट में, भारत में स्थित डेटा केंद्रों का उपयोग करके वैश्विक स्तर पर ग्राहकों को ‘क्लाउड’ सेवाएं प्रदान करने वाली विदेशी कंपनियों के लिए 2047 तक कर छूट का प्रस्ताव रखा गया है। यह सरकार की कृत्रिम मेधा (एआई) और डिजिटल अवसंरचना का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में की गई पहल का संकेत है।
भाषा निहारिका अजय
अजय