नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) आदित्य बिड़ला ग्रुप के आभूषण खुदरा ब्रांड ‘इंद्रिय’ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संदीप कोहली ने कहा कि सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत में आभूषणों की मांग मजबूत बनी हुई है और ग्राहक खरीदारी टालने के बजाय खरीदारी के नए तरीकों को अपना रहे हैं।
कोहली ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘कीमतों में अत्यधिक उतार-चढ़ाव उपभोक्ताओं को पसंद नहीं आता। किसी भी तरह की कीमतों में उतार-चढ़ाव ग्राहकों को पसंद नहीं आता। जब सोने के भाव में बहुत अधिक उतार-चढ़ाव होता है, तो ग्राहक खरीदारी टाल देते हैं। लेकिन मांग कम नहीं होती।’’
उन्होंने कहा कि सोने के आभूषणों का उपभोक्ताओं के जीवन में विशेष महत्व है क्योंकि इनकी खरीदारी अक्सर विवाह, त्योहारों और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों से जुड़ी होती है।
कोहली ने कहा कि पिछले छह महीनों में सोने के आभूषणों की मांग और मूल्य आधारित बिक्री अच्छी रही है। लोगों ने विवाह समारोहों और अक्षय तृतीया जैसे त्योहारों के दौरान सोने की खरीदारी की है।
हालांकि उन्होंने माना कि सोने की बढ़ती कीमतों के कारण उपभोक्ताओं ने खरीदारी के तरीके में बदलाव किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि सोने की कीमतें बहुत अधिक बढ़ जाती हैं तो यह स्वाभाविक है कि उपभोक्ताओं का बजट उसी अनुपात में नहीं बढ़ता। ऐसे में वे खरीदारी का तरीका बदलते हैं और अपने बजट के अनुसार विकल्प चुनते हैं।’’
भाषा राजेश राजेश योगेश
योगेश