मुंबई, नौ अप्रैल (भाषा) पश्चिम एशिया में नए सिरे से तनाव के कारण अमेरिका और ईरान के बीच हुए संघर्ष विराम पर खतरा मंडराने के मद्देनजर सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को कारोबार के दौरान गिरावट दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में कमजोर रुख और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।
बीएसई सेंसेक्स 938.55 अंक या 1.21 प्रतिशत टूटकर 76,624.35 अंक के अंतर-दिवसीय निचले स्तर पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 237.9 अंक या 0.99 प्रतिशत फिसलकर 23,759.45 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक और इटर्नल के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और पावर ग्रिड के शेयर में तेजी रही।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग पिछले कारोबार में तेज उछाल के बाद गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
अमेरिकी बाजार बुधवार को काफी तेजी के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.79 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,811.97 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 4,168.17 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स में बुधवार को 2,946.32 अंक या 3.95 प्रतिशत जबकि निफ्टी में 873.70 अंक या 3.78 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई थी।
भाषा निहारिका
निहारिका