गैर-पंजीकृत क्षेत्रों में रोजगार 2025 में 6.18 प्रतिशत बढ़ा, 74.52 लाख नये रोजगार सृजित: सर्वेक्षण

Ads

गैर-पंजीकृत क्षेत्रों में रोजगार 2025 में 6.18 प्रतिशत बढ़ा, 74.52 लाख नये रोजगार सृजित: सर्वेक्षण

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 07:51 PM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 07:51 PM IST

नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) गैर-पंजीकृत उद्यम क्षेत्र में रोजगार 2025 में 6.18 प्रतिशत बढ़कर 12.80 करोड़ हो गया। इस अवधि के दौरान 74.52 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित हुए। सरकार के एक सर्वेक्षण में यह कहा गया है।

मंगलवार को जारी गैर-पंजीकृत क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई), 2025 के अनुसार, अक्टूबर, 2023 से सितंबर, 2024 की अवधि के दौरान इस क्षेत्र में श्रमिकों की संख्या 12,05,99,800 थी जो 2025 में बढ़कर 12,80,51,800 हो गई।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) ने जनवरी, 2025 से दिसंबर, 2025 की अवधि के लिए गैर-पंजीकृत क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण के परिणाम जारी किए हैं।

इस क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की कुल संख्या 7.97 प्रतिशत बढ़कर 2025 (जनवरी 2025-दिसंबर 2025) में 7.92 करोड़ हो गई जो 2023-24 (अक्टूबर 2023-सितंबर 2024) में 7.34 करोड़ थी।

सर्वेक्षण के अनुसार, ‘अन्य सेवाएं’ क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की संख्या में 10.29 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि हुई है। इसके बाद विनिर्माण क्षेत्र में 6.48 प्रतिशत और व्यापार क्षेत्र में 6.18 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

यह वृद्धि विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक विस्तार को बताती है।

इसी अवधि के दौरान, आर्थिक प्रदर्शन के एक प्रमुख संकेतक सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) में 10.87 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसका मुख्य कारण व्यापार क्षेत्र में 16.77 प्रतिशत की वृद्धि, विनिर्माण क्षेत्र में 8.52 प्रतिशत की वृद्धि और अन्य सेवा क्षेत्रों में 7.36 प्रतिशत की वृद्धि थी।

हालांकि, व्यापक क्षेत्रों में, जीवीए में अन्य सेवा क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे अधिक 42 प्रतिशत थी। इसके बाद व्यापार (37 प्रतिशत) और विनिर्माण (21 प्रतिशत) का स्थान रहा।

क्षेत्र में श्रम उत्पादकता को मापने वाला प्रति श्रमिक सकल मूल्य वर्धन, 2025 में वर्तमान कीमतों पर 4.54 प्रतिशत बढ़कर 1,56,539 रुपये हो गया, जो 2023-24 में 1,49,742 रुपये था।

श्रम बाजार के बारे में रिपोर्ट में कहा गया है कि जनवरी-दिसंबर, 2025 के दौरान इस क्षेत्र में लगभग 12.81 करोड़ श्रमिक कार्यरत थे, जो 2023-24 (अक्टूबर 2023-सितंबर 2024) की तुलना में 74.52 लाख अधिक हैं। यह श्रम बाजार के मजबूत विस्तार को दर्शाता है।

व्यापक गतिविधियों में, ‘अन्य सेवाएं’ क्षेत्र में 7.40 प्रतिशत की उच्चतम वृद्धि दर्ज की गई, जिससे लगभग 35 लाख नए रोजगार सृजित हुए।

महिला स्वामित्व वाले निजी प्रतिष्ठानों का प्रतिशत 2025 में 27 प्रतिशत हो गया जो 2023-24 में 26.2 प्रतिशत था। यह महिला नेतृत्व वाले उद्यमों में उत्साहजनक रुख को बताता है।

पिछले सर्वेक्षण 2023-24 की तुलना में 2025 में प्रति नियोजित श्रमिक पारिश्रमिक में 3.88 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो वेतन स्तर में सुधार का संकेत है। इस मापदंड में सबसे अधिक लगभग 8.5 प्रतिशत की वृद्धि व्यापार क्षेत्र में दर्ज की गई।

सर्वेक्षण में, कुल 6,70,289 प्रतिष्ठानों (ग्रामीण क्षेत्रों में 2,94,144 और शहरी क्षेत्रों में 3,76,145) से आंकड़े एकत्र किये गये थे। यह पहले चरण में सर्वेक्षण की गई 24,153 इकाइयों (ग्रामीण क्षेत्रों में 10,219 और शहरी क्षेत्रों में 13,934) से संबंधित है।

भाषा रमण अजय

अजय