अगस्त में अमेरिका को निर्यात मासिक आधार पर 14 प्रतिशत घटा

Ads

अगस्त में अमेरिका को निर्यात मासिक आधार पर 14 प्रतिशत घटा

  •  
  • Publish Date - September 15, 2025 / 08:51 PM IST,
    Updated On - September 15, 2025 / 08:51 PM IST

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) अगस्त में अमेरिकी प्रशासन की तरफ से भारतीय उत्पादों पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने के बाद भारत का अमेरिका को निर्यात मासिक आधार पर करीब 14 प्रतिशत घटकर 6.86 अरब डॉलर रह गया।

वाणिज्य मंत्रालय की तरफ से सोमवार को जारी अगस्त, 2025 के व्यापार आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका को भारतीय निर्यात जुलाई की तुलना में करीब 14 प्रतिशत कम हो गया। जुलाई महीने में भारत ने अमेरिका को आठ अरब डॉलर का निर्यात किया था।

मासिक आधार पर निर्यात कम होने के बावजूद अमेरिका सालाना आधार पर भारत का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बना रहा। अगस्त, 2024 की तुलना में इस बार अमेरिका को निर्यात में 7.15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने भारतीय उत्पादों पर दो चरणों में शुल्क बढ़ा दिया था। पहले सात अगस्त से 25 प्रतिशत शुल्क लगा था और फिर 27 अगस्त से 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगा दिया गया।

पिछले महीने अमेरिका के बाद भारत के प्रमुख निर्यात गंतव्यों में संयुक्त अरब अमीरात (3.24 अरब डॉलर), नीदरलैंड (1.83 अरब डॉलर), चीन (1.21 अरब डॉलर) और ब्रिटेन (1.14 अरब डॉलर) शामिल रहे।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय