नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) आदित्य बिरला समूह की प्रमुख धातु कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 50.8 प्रतिशत घटकर 2,597 करोड़ रुपये रहा।
हिंडाल्को इंडस्ट्रीज की अमेरिकी अनुषंगी कंपनी नोवेलिस के संयंत्र में आग लगने की घटनाओं के कारण कंपनी के मुनाफे पर यह असर पड़ा है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 5,284 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था।
कंपनी ने बयान में कहा, ‘अमेरिका के ओस्वेगो संयंत्र में व्यवधान के कारण वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 2,597 करोड़ रुपये रहा, जो 2024-25 की समान तिमाही में 5,284 करोड़ रुपये था।’
हालांकि, समीक्षाधीन जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 78,133 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 64,890 करोड़ रुपये थी।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ घटकर 13,391 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 16,001 करोड़ रुपये था।
वहीं, पिछले वित्त वर्ष में परिचालन आय बढ़कर 2,74,944 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 2,38,496 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर पांच रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है।
भाषा योगेश रमण
रमण