महिंद्रा होलिडेज को 11.34 करोड़ रुपये का जीएसटी मांग नोटिस

Ads

महिंद्रा होलिडेज को 11.34 करोड़ रुपये का जीएसटी मांग नोटिस

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 04:09 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 04:09 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) महिंद्रा समूह की आतिथ्य क्षेत्र की कंपनी महिंद्रा होलिडेज एंड रिजॉर्ट्स इंडिया लिमिटेड को देहरादून के माल एवं सेवा कर (जीएसटी) प्राधिकरण से चार वित्त वर्षों में कर भुगतान में कथित कमी को लेकर करीब 11.34 करोड़ रुपये की मांग का नोटिस मिला है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसे इस कारण बताओ नोटिस से वित्तीय स्थिति पर कोई महत्वपूर्ण असर पड़ने की उम्मीद नहीं है।

कंपनी ने कहा कि वह देहरादून स्थित केंद्रीय जीएसटी ऑडिट आयुक्तालय के अतिरिक्त/संयुक्त आयुक्त के समक्ष कानूनी उपाय अपनाने के लिए उचित कदम उठा रही है।

कंपनी के मुताबिक, उसे प्राधिकरण से 25 अगस्त, 2026 को ईमेल के जरिये कारण बताओ नोटिस मिला। इसमें वित्त वर्ष 2020-21, 2021-22, 2022-23 और 2023-24 के लिए कुल 11,33,69,421 रुपये की मांग की गई है। इसमें 11,33,19,421 रुपये का कर और 50,000 रुपये का जुर्माना शामिल है।

कंपनी ने बताया कि यह मांग मुख्य रूप से उत्तराखंड में सेवाओं की आपूर्ति पर कम कर भुगतान और कारोबार के आंकड़ों में अंतर के कारण की गई है। यह मांग उत्तराखंड माल एवं सेवा कर अधिनियम, 2017 और केंद्रीय माल एवं सेवा कर अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के तहत की गई है।

भाषा योगेश अजय

अजय