आई2यू2 समूह ने निजी उद्यम साझेदारी, वेबसाइट की शुरुआत की

Ads

आई2यू2 समूह ने निजी उद्यम साझेदारी, वेबसाइट की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - September 22, 2023 / 05:34 PM IST,
    Updated On - September 22, 2023 / 05:34 PM IST

न्यूयॉर्क, 22 सितंबर (भाषा) भारत, अमेरिका, इजराइल और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से मिलकर बने समूह आई2यू2 ने कारोबारी समुदायों में अपनी पहल को लेकर जागरूकता बढ़ाने और इसके लक्ष्यों में मददगार परियोजनाओं का समर्थन करने के लिए एक निजी उद्यम साझेदारी की शुरुआत की है।

पिछले साल गठित चार देशों के इस समूह ने सदस्य देशों और दुनिया भर में साझेदारियों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए अपनी वेबसाइट भी शुरू की है।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 78वें वार्षिक अधिवेशन के अवसर पर न्यूयॉर्क में हुई आई2यू2 शेरपाओं की बैठक में इन पहलों की शुरुआत की घोषणा की गई। इसमें भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) दम्मू रवि ने किया। इस बैठक में इजरायल के विदेश मंत्रालय में महानिदेशक रोनेन लेवी, यूएई के विदेश राज्य मंत्री अहमद अली अल-साएग और अमेरिकी विदेश विभाग के अवर सचिव जोस डब्ल्यू फर्नांडीज भी मौजूद थे।

एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, आई2यू2 निजी उद्यम साझेदारी संबंधी समझौता ज्ञापन पर अमेरिकी विदेश विभाग और अमेरिका-यूएई कारोबार परिषद, यूएई-इजरायल कारोबार परिषद और यूएई-भारत कारोबार परिषद के बीच हस्ताक्षर किए गए।

इस सार्वजनिक-निजी साझेदारी के जरिये आई2यू2 पहल की क्षमता के बारे में जागरूकता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। खासकर पानी, ऊर्जा, परिवहन, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसे सात प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी की जाएगी।

इसका उद्देश्य समूह के सदस्य देशों के भीतर इस पहल को आगे बढ़ाने वाली विशिष्ट परियोजनाओं की पहचान, अन्वेषण और उनमें भागीदारी के लिए निजी क्षेत्र को संगठित करना है।

विदे्श मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में आई2यू2 शेरपाओं की बैठक के दौरान हुए इन समझौतों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आई2यू2 समूह ने निजी उद्यम साझेदारी के अलावा एक वेबसाइट की भी शुरुआत की।

अमेरिकी विदेश विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘यह सार्वजनिक-निजी साझेदारी व्यापारिक समुदायों में आई2यू2 पहल के बारे में जागरूकता बढ़ाने और परियोजनाओं और अन्य प्रयासों का समर्थन करने के लिए काम करेगी।’

आई2यू2 की वेबसाइट के मुताबिक, इस समूह का उद्देश्य दुनिया के समक्ष मौजूद कुछ बड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए लाभप्रद पहलों एवं परियोजनाओं को चिह्नित करना है और इसका जल, ऊर्जा, परिवहन, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और प्रौद्योगिकी में साझा निवेश और नई पहलों पर विशेष ध्यान होगा।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण