आईआईएफसीएल ने बॉन्ड के जरिए 1,848 करोड़ रुपये जुटाए

आईआईएफसीएल ने बॉन्ड के जरिए 1,848 करोड़ रुपये जुटाए

आईआईएफसीएल ने बॉन्ड के जरिए 1,848 करोड़ रुपये जुटाए
Modified Date: July 5, 2026 / 03:07 pm IST
Published Date: July 5, 2026 3:07 pm IST

नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कंपनी लिमिटेड (आईआईएफसीएल) ने देश में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) जारी करके 1,848 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी ने रविवार को यह जानकारी दी।

आईआईएफसीएल ने बयान में कहा कि इस निर्गम को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली और उसे 3,048 करोड़ रुपये की बोलियां प्राप्त हुईं, जो 500 करोड़ रुपये के आधार निर्गम आकार से लगभग छह गुना अधिक है।

आईआईएफसीएल ने अंततः 7.25 प्रतिशत वार्षिक कूपन यानी ब्याज दर पर 1,848 करोड़ रुपये जुटाए। इन बॉन्ड की परिपक्वता अवधि चार वर्ष, 11 माह और दो दिन है।

कंपनी ने कहा कि यह सफल निर्गम उसकी मजबूत वित्तीय स्थिति, सुशासित प्रबंधन और सरकार की प्रमुख बुनियादी ढांचा वित्तीय संस्था के रूप में उसकी रणनीतिक भूमिका में निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है।

आईआईएफसीएल के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 34,200 करोड़ रुपये के संसाधन जुटाने के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य देश के बढ़ते बुनियादी ढांचा वित्तपोषण की आवश्यकताओं को पूरा करना है।

कंपनी ने कहा कि यह कार्यक्रम घरेलू बॉन्ड, पूंजी बाजार उपकरणों और बाह्य वाणिज्यिक उधार (ईसीबी) सहित विविध वित्तीय साधनों के माध्यम से धन जुटाने की रणनीति पर आधारित है।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में