नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा) स्विट्जरलैंड की खाद्य एवं कन्फेक्शनरी कंपनी नेस्ले के लोकप्रिय चॉकलेट- ब्रांड किटकैट के लिए भारत अब दुनिया का सबसे बड़ा बाजार बन गया है।
कंपनी के अनुसार, मजबूत उपभोक्ता पहुंच, उत्पाद नवाचार और आक्रामक विपणन निवेश के कारण भारत ने यह उपलब्धि हासिल की है।
नेस्ले इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मनीष तिवारी ने हाल ही में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘भारत अब किटकैट के लिए दुनिया का सबसे बड़ा बाजार है और पिछले कुछ वर्षों में ब्रांड की बाजार हिस्सेदारी तेजी से बढ़ी है।’’
कंपनी के अनुसार, भारत पिछले दो से तीन साल से इस ब्रांड का दूसरा सबसे बड़ा बाजार था, लेकिन अब यह पहले स्थान पर पहुंच गया है।
तिवारी ने यह भी बताया कि किटकैट अब नेस्ले के पोर्टफोलियो में मैगी के बाद दूसरा ऐसा ब्रांड बन गया है, जो वैश्विक स्तर पर सबसे बड़ा बाजार हासिल कर चुका है।
कंपनी के मुताबिक, करीब 10 साल पहले भारत किटकैट के लिए वैश्विक स्तर पर 10वें स्थान पर था।
भाषा योगेश अजय
अजय