इंडिगो ने विलियम वॉल्श को सीईओ नियुक्त किया

Ads

इंडिगो ने विलियम वॉल्श को सीईओ नियुक्त किया

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 03:55 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 03:55 PM IST

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने मंगलवार को ब्रिटिश एयरवेज के पूर्व प्रमुख विलियम वॉल्श को अपना नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की घोषणा की।

विमानन उद्योग के अनुभवी वॉल्श वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आईएटीए) के महानिदेशक हैं।

इंडिगो ने बयान में कहा कि वॉल्श की नियुक्ति नियामकीय मंजूरी के अधीन होगी। उनका आईएटीए में कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त हो रहा है और उनके तीन अगस्त तक पदभार संभालने की उम्मीद है।

यह घोषणा इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफे के लगभग तीन सप्ताह बाद की गई है।

वॉल्श को आमतौर पर ‘विली’ के नाम से जाना जाता है। वह इससे पहले ब्रिटिश एयरवेज और इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप (आईएजी) के सीईओ रह चुके हैं। आईएजी एक होल्डिंग कंपनी है जिसके तहत एयर लिंगस, ब्रिटिश एयरवेज, आइबेरिया, लेवल और वुएलिंग जैसी विमानन कंपनियां संचालित होती हैं।

इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने कहा, ‘‘ परिवर्तन और वृद्धि के नए चरण में प्रवेश करने के साथ, मुझे इंडिगो में विली का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ विमानन जगत में वॉल्श एक प्रतिष्ठित एवं सफल नाम हैं, जिनके पास वैश्विक दृष्टिकोण, परिचालन विशेषज्ञता, ग्राहक-केंद्रित एयरलाइन कंपनी के निर्माण का अनुभव और उद्योग की गहरी समझ है जो कंपनी के विकास के इस महत्वपूर्ण दौर में नेतृत्व के लिए उन्हें उपयुक्त बनाता है।’’

भाषा निहारिका अजय

अजय

शीर्ष 5 समाचार