नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) ब्रुकफील्ड इंडिया रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट (रीट) ने शशांक जैन को अपनी प्रबंधक कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) के रूप में नियुक्त किया है।
कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि मौजूदा सीईओ एवं एमडी आलोक अग्रवाल 30 जून तक पद पर बने रहेंगे, जबकि जैन की नियुक्ति एक जुलाई से प्रभावी होगी।
निवेश ट्रस्ट ने कहा कि उसकी प्रबंधक इकाई ब्रुकप्रॉप मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मंडल ने सीईओ एवं अतिरिक्त निदेशक (प्रबंध निदेशक श्रेणी) के रूप में जैन की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
जैन पीडब्ल्यूसी इंडिया से जुड़ रहे हैं जहां वह सौदा गतिविधियों के सह-प्रमुख थे। उन्हें रियल एस्टेट क्षेत्र में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है।
ब्रुकफील्ड इंडिया रीट के पास दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, गुरुग्राम, नोएडा और कोलकाता में 11 ग्रेड-ए परिसंपत्तियां हैं। इसके पोर्टफोलियो में कुल 3.7 करोड़ वर्ग फुट पट्टा-योग्य क्षेत्र शामिल है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय