नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) इंजीनियरिंग कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी इंडो एमआईएम लिमिटेड ने अपने 3,812 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 461-485 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 24,000 करोड़ रुपये आंका गया है।
कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि यह निर्गम 23 जुलाई को खुलेगा और 27 जुलाई को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक 22 जुलाई को बोली लगा पाएंगे।
बेंगलुरु मुख्यालय वाली कंपनी का आईपीओ 500 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और 6.83 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण है।
कंपनी नए निर्गम से प्राप्त 400 करोड़ रुपये का उपयोग कुछ बकाया ऋणों के अग्रिम भुगतान या पुनर्भुगतान के लिए करेगी। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
कंपनी का शेयर 30 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होगा।
भाषा निहारिका
निहारिका