नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) ललिता ज्वेलरी मार्ट लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के पहले दिन 69 प्रतिशत अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ में 6,27,61,403 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 4,35,37,826 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
खुदरा निवेशकों की श्रेणी को 74 प्रतिशत बोलियां मिली, जबकि पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को 67 प्रतिशत अभिदान मिला। गैर-संस्थागत निवेशकों के कोटा को 61 प्रतिशत अभिदान मिला।
इस खुदरा आभूषण विक्रेता कंपनी ने शुक्रवार को एंकर निवेशकों से 508 करोड़ रुपये जुटाए।
ललिता ज्वेलरी मार्ट का आईपीओ 19 अगस्त को बंद होगा। इसका मूल्य दायरा 190-201 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन लगभग 11,250 करोड़ रुपये बैठता है।
इस निर्गम में 1,200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे और 500 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई जाएगी।
ललिता ज्वेलरी मार्ट ने 1985 में चेन्नई के टी नगर में अपना पहला स्टोर खोला था। कंपनी सोने, चांदी और हीरे के आभूषण बेचती है। कंपनी के शेयर को 24 अगस्त को बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय