मुंबई, आठ जुलाई (भाषा) अमेरिकी-ईरान के बीच अंतरिम समझौता समाप्त होने की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आने से बुधवार को कारोबार के अंतिम चरण में घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली देखी गई। इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दो प्रतिशत से अधिक टूट गए।
बीएसई सेंसेक्स कारोबार के दौरान 1,722.99 अंक यानी 2.20 प्रतिशत लुढ़ककर 76,457.73 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 530.05 अंक यानी 2.17 प्रतिशत टूटकर 23,868.65 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयर गिरावट में रहे। इंटरग्लोब एविएशन, मारुति, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे।
गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरान के साथ अंतरिम समझौता ‘‘समाप्त’’ हो गया है लेकिन वह बातचीत जारी रहने देंगे।
ट्रंप ने युद्धविराम की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह समाप्त हो गया है। उनके साथ बात करना समय की बर्बादी है।’’
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 5.35 प्रतिशत, जापान का निक्की 225 2.11 प्रतिशत और चीन का एसएसई कम्पोजिट 0.49 प्रतिशत टूटा। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग 2.99 प्रतिशत की बढ़त में रहा।
अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 6.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78.75 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 393.19 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स मंगलवार को 104.35 अंक और निफ्टी 31.65 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
भाषा निहारिका अजय
अजय