(LPG Cylinder Price/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: LPG Cylinder Price Today: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर भारत के तेल और गैस आयात पर साफ दिखाई दे रहा है। भारत अपनी LPG जरूरत का करीब 60% आयात करता है, जिसमें से लगभग 90% सप्लाई मिडिल ईस्ट से आती है। होर्मुज स्ट्रेट इस सप्लाई का प्रमुख मार्ग है, लेकिन वहां की स्थिति बिगड़ने से सप्लाई प्रभावित हुई और कीमतों में उछाल आया है।
हाल ही में सरकार ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की है। राजधानी नई दिल्ली में अब इसकी कीमत 913 रुपये हो गई है, जो पिछले महीने 853 रुपये थी। यानी आम लोगों पर सीधे तौर पर महंगाई का असर पड़ा है और रसोई का बजट बढ़ गया है।
देश के अलग-अलग शहरों में LPG की कीमतें अलग हैं, क्योंकि हर राज्य में VAT और ट्रांसपोर्ट खर्च अलग होता है। उदाहरण के लिए, मुंबई में सिलेंडर 912.50 रुपये में मिल रहा है, जबकि पटना में इसकी कीमत 1,002.50 रुपये तक पहुंच गई है। चेन्नई, कोलकाता और हैदराबाद जैसे शहरों में भी कीमतें अपेक्षाकृत ज्यादा हैं।
| शहर | LPG सिलेंडर कीमत |
| नई दिल्ली | ₹913.00 |
| बेंगलुरु | ₹915.50 |
| मुंबई | ₹912.50 |
| चेन्नई | ₹928.50 |
| कोलकाता | ₹939.00 |
| हैदराबाद | ₹965.00 |
| गुरुग्राम | ₹921.50 |
| लखनऊ | ₹950.50 |
| नोएडा | ₹910.50 |
| पटना | ₹1,002.50 |
सरकार का कहना है कि घरेलू LPG की कोई कमी नहीं है, लेकिन कमर्शियल गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसका असर होटल और रेस्टोरेंट जैसे कारोबारों पर पड़ा है। स्थिति संभालने के लिए सरकार ने जमाखोरी रोकने, उत्पादन बढ़ाने और जरूरी सेवाओं जैसे अस्पताल, स्कूल और डेयरी के लिए विशेष सप्लाई व्यवस्था लागू की है।
अब घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग के बीच का समय 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। कई जगहों से डीलरों की मनमानी और कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई हैं। अगर किसी को समय पर सिलेंडर नहीं मिलता या ज्यादा पैसे मांगे जाते हैं, तो वह गैस कंपनी की आधिकारिक हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।