नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की बिक्री जुलाई में 29 प्रतिशत बढ़कर 36,205 इकाई रही। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने जुलाई, 2022 में घरेलू बाजार में 28,053 यात्री वाहनों की बिक्री की थी।
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने शेयर बाजार को बताया कि वाहनों का निर्यात नौ प्रतिशत गिरावट के साथ जुलाई में 2,540 इकाई रह गया, जो जुलाई, 2022 में 2,798 इकाई था।
महिंद्रा एंड महिंद्रा के वाहन खंड के अध्यक्ष विजय नाकरा ने कहा, “यह हमारे लिए रिकॉर्ड तोड़ महीना रहा है। हम एक महीने में 36,205 एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) की अब तक की सबसे अधिक घरेलू बिक्री दर्ज करके उत्साहित हैं। 20 महीने के रिकॉर्ड समय में एक्सयूवी700 खरीदारों की संख्या एक लाख हो गई। साथ ही जुलाई में स्कॉर्पियो ब्रांड पेश किये जाने के बाद से एक महीने में सबसे ज्यादा बिक्री हुई है।”
उन्होंने कहा कि कंपनी के प्रमुख ब्रांड्स में मजबूत मांग बनी हुई है। “हम मात्रा बढ़ाने के लिए सेमीकंडक्टर और चुनिंदा कलपुर्जों की उपलब्धता पर करीबी नजर बनाए रखेंगे।”
भाषा अनुराग रमण
रमण