सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से छह कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1.68 लाख करोड़ रुपये घटा

Ads

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से छह कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1.68 लाख करोड़ रुपये घटा

  •  
  • Publish Date - July 17, 2022 / 10:41 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:21 PM IST

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से छह कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 1,68,260.37 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की दिग्गज टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को उठाना पड़ा।

बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 721.06 अंक या 1.32 प्रतिशत नीचे आया।

समीक्षाधीन सप्ताह में टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 99,270.07 करोड़ रुपये घटकर 10,95,355.32 करोड़ रुपये पर आ गया। कंपनी के जून तिमाही के नतीजे बाजार उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे हैं। इसके चलते कंपनी के शेयर नीचे आए।

सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की एक अन्य कंपनी इन्फोसिस का बाजार मूल्यांकन 35,133.64 करोड़ रुपये के नुकसान से 6,01,900.14 करोड़ रुपये पर आ गया।

एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 18,172.43 करोड़ रुपये घटकर 7,57,659.72 करोड़ रुपये पर और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की 8,433.76 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 4,27,488.90 करोड़ रुपये पर आ गई।

समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान एचडीएफसी का बाजार पूंजीकरण 4,091.62 करोड़ रुपये टूटकर 4,02,121.99 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का 3,158.85 करोड़ रुपये के नुकसान से 5,22,498.11 करोड़ रुपये रह गया।

इस रुख के उलट हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 17,128.52 करोड़ रुपये बढ़कर 6,03,551.26 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 6,801.72 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 16,24,681.08 करोड़ रुपये रहा।

आईटीसी की बाजार हैसियत 1,318.81 करोड़ रुपये बढ़कर 3,62,327.81 करोड़ रुपये पर और जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की 316.25 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4,48,157.71 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एलआईसी, एसबीआई, एचडीएफसी और आईटीसी का स्थान रहा।

भाषा अजय

अजय

अजय