अपने कारखानों के पास पांच अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र लगाएगी नेस्ले इंडिया

Ads

अपने कारखानों के पास पांच अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र लगाएगी नेस्ले इंडिया

  •  
  • Publish Date - May 24, 2021 / 11:00 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:56 PM IST

नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) एफएमसीजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी नेस्ले इंडिया ने देश में अपने कारखानों के पास पांच अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र लगाने की घोषणा की है। कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सहयोग के लिए कंपनी ने यह फैसला किया है।

शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि वह पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक और गोवा में अपने कारखानों के पास अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र लगाने की प्रक्रिया में है।

नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुरेश नारायण ने कहा कि कंपनी की टीम महामारी के दौरान ऐसे लोगों की मदद में जुटी है जिन्हें इसकी जरूरत है।

उन्होंने कहा कि हमने चिकित्सा आपूर्ति मसलन वेंटिलेटर, मास्क, पीपीई किट, फेस शील्ड और ऑक्सीमीटर की आपूर्ति बढ़ाने में मदद की है।

नारायण ने कहा कि कोविड-19 मरीजों के लिए ऑक्सीजन की जरूरत को देखते हुए हमारी टीम पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक और गोवा में हमारे कारखानों के पास पांच अस्पातालों में ऑक्सीजन संयंत्र लगाने की प्रक्रिया में है।

उन्होंने कहा कि कंपनी अक्षय पात्रा कोविड-19 राहत ऑपरेशन में सहयोग जारी रखेगी। इसके जरिये अबतक 20 लाख से अधिक पके भोजन की आपूर्ति की गई है।

भाषा अजय अजय मनोहर

मनोहर