नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी आरईसी लिमिटेड ने त्रिपुरा सरकार के साथ बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 15,000 करोड़ रुपये तक के वित्तपोषण किए जाने के मकसद से दो शुरुआती समझौते किए हैं। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि ये समझौते ‘डेस्टिनेशन त्रिपुरा बिजनेस कॉन्क्लेव 2026’ के दौरान किए गए। समझौतों का मकसद पूर्वोत्तर क्षेत्र में टिकाऊ विकास को बढ़ावा देना और बिजली अवसंरचना को मजबूत करना है।
आरईसी लिमिटेड ने पहले एमओयू में त्रिपुरा नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (टीआरईडीए) के साथ साझेदारी की है। इसके तहत नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 5,000 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा, आरईसी लिमिटेड ने त्रिपुरा राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (टीएसईसीएल) के माध्यम से राज्य सरकार के बिजली विभाग के साथ भी एक अन्य एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत राज्य के बिजली क्षेत्र की 10,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लिए वित्तपोषण उपलब्ध कराया जाएगा।
कंपनी ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य त्रिपुरा में बिजली क्षेत्र की प्रमुख परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना, बिजली अवसंरचना के विस्तार और आधुनिकीकरण को गति देना तथा राज्य के नागरिकों को विश्वसनीय तथा टिकाऊ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
भाषा यासिर रमण
रमण