सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों ने दोपहिया वाहनों के लिए विशेष लेन की वकालत की

Ads

सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों ने दोपहिया वाहनों के लिए विशेष लेन की वकालत की

  •  
  • Publish Date - July 7, 2025 / 03:00 PM IST,
    Updated On - July 7, 2025 / 03:00 PM IST

नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दोपहिया वाहनों के लिए विशेष लेन बनाने और कानूनों को सख्ती से लागू करने की जरूरत है। विशेषज्ञों ने सोमवार को यह राय जताई।

सड़क सुरक्षा पर एक संगोष्ठी में सड़क यातायात शिक्षा संस्थान (आईआरटीई) के अध्यक्ष रोहित बलूजा ने कहा कि अधिकारियों को दोपहिया वाहनों के लिए एक अलग लेन पर विचार करना चाहिए क्योंकि इससे चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

बलूजा ने कहा, ‘‘दोपहिया वाहनों के लिए विशेष लेन बनाने की जरूरत है, जो फिलहाल नहीं है। साथ ही कानूनों को सख्ती से लागू करना चाहिए। इससे सवारों की सुरक्षा में मदद मिलेगी और दुर्घटनाओं से बचा जा सकेगा।’’

उन्होंने कहा कि भारत को दूसरों की नकल करने के बजाय अपनी खुद की वाहन सुरक्षा प्रणाली बनाने की जरूरत है।

सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल्स मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के कार्यकारी निदेशक प्रशांत के बनर्जी ने कहा कि भारत में दुनिया में सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं होती हैं।

उन्होंने कहा कि यात्री वाहनों में सर्वोत्तम सुरक्षा मानदंडों का पालन करने और अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाओं को स्थापित करने के बावजूद उपभोक्ताओं के बीच जागरूकता की भारी कमी है।

अंतरराष्ट्रीय सड़क महासंघ (आईआरएफ) के मानद अध्यक्ष के के कपिला ने कहा कि सभी दोपहिया वाहनों के लिए एबीएस ब्रेक सहित सुरक्षित तकनीकी प्रणालियों की अनदेखी नहीं की जा सकती।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय