श्रीनगर, 22 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को अनंतनाग जिले में एक आतंकवादी हमले में पुलिसकर्मी की हत्या की निंदा की और कहा कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को सजा जरूर मिलेगी।
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की अनंतनाग के लाल चौक पर दोपहर करीब 12:30 बजे एक आतंकवादी ने गोली मारकर हत्या कर दी।
सिन्हा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूं। इस जघन्य कृत्य के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। जम्मू-कश्मीर पुलिस और हमारे सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं और दोषियों को सजा दिलाएंगे।’’
सिन्हा ने कहा कि उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के लिए पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात से बात की।
उन्होंने कहा, ‘‘अनंतनाग में हुए आतंकवादी हमले के बाद स्थिति की समीक्षा करने के लिए मैंने डीजीपी नलिन प्रभात से बात की। ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। पूरा देश शहीद के परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।’’
भाषा शफीक संतोष
संतोष