रुपया नौ पैसे की गिरावट के साथ 82.84 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया नौ पैसे की गिरावट के साथ 82.84 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - August 8, 2023 / 04:49 PM IST,
    Updated On - August 8, 2023 / 04:49 PM IST

मुंबई, आठ अगस्त (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के रुख और सुरक्षित निवेश के विकल्प के रूप में डॉलर की मांग बढ़ने के कारण विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया नौ पैसे की गिरावट के साथ 82.84 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।

बाजार विश्लेषकों ने कहा कि विदेशी कोषों की निकासी के कारण भी रुपये की धारणा प्रभावित हुई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.80 पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 82.78 के उच्चस्तर और 82.85 के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में यह अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले नौ पैसे की गिरावट दर्शाता 82.84 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।

पिछले कारोबारी सत्र में रुपया डॉलर के मुकाबले 82.75 पर बंद हुआ था।

शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि डॉलर के सकारात्मक रुख और घरेलू बाजारों में कमजोरी के रुख के कारण मंगलवार को भारतीय रुपये में गिरावट आई। विदेशी संस्थागत निवेशकों की धन निकासी से भी रुपये की धारणा प्रभावित हुई। हालांकि, कच्चे तेल की कमजोर कीमतों ने गिरावट पर अंकुश लगा दिया।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.41 प्रतिशत बढ़कर 102.46 हो गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.73 प्रतिशत घटकर 83.86 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 106.98 अंक घटकर 65,846.50 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने पिछले कारोबारी सत्र में 1,892.77 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

शीर्ष 5 समाचार