टाटा समूह के शेयरों पर दबाव से बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 188 अंक टूटा

Ads

टाटा समूह के शेयरों पर दबाव से बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 188 अंक टूटा

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 04:38 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 04:38 PM IST

मुंबई, 12 अगस्त (भाषा) स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। बीएसई सेंसेक्स 188 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी में 36 अंक की गिरावट आई।

कारोबारियों के अनुसार, कच्चे तेल के दाम में तेजी के साथ टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन द्वारा मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने के बाद दोबारा नियुक्ति नहीं लेने की घोषणा से टाटा समूह के शेयरों में बिकवाली से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 187.90 अंक यानी 0.24 प्रतिशत टूटकर 77,966.35 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 656.32 अंक तक टूटकर 77,497.93 अंक पर आ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 35.75 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,435.95 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में टीसीएस का शेयर सबसे अधिक 3.71 प्रतिशत टूटा। इसके अलावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, इटर्नल और इन्फोसिस में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावर ग्रिड शामिल हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.17 प्रतिशत टूटकर 88.76 डॉलर प्रति बैरल रहा।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘भारत और अमेरिका में महंगाई के महत्वपूर्ण आंकड़ों से पहले बाजार में सतर्कता बनी रही। वैश्विक अनिश्चितता के बीच दोनों देशों के नीति-निर्माता आंकड़ों के आधार पर कदम उठाने पर जोर दे रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस माहौल में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, जो दोबारा 90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के करीब पहुंच गईं, ने निवेशकों के भरोसे को प्रभावित किया और एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बावजूद चौतरफा बिकवाली देखी गई।’’

नायर ने कहा कि टाटा समूह के शेयरों पर चेयरमैन के पद छोड़ने की खबर का दबाव रहा। इससे बड़ी कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन व्यापक बाजार (छोटी और मझोली कंपनियों के सूचकांक) की तुलना में कमजोर रहा।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में ज्यादातर में सकारात्मक रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 258.55 करोड़ रुपये की शुद्ध लिवाली की।

इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 388.19 अंक टूटकर 78,154.25 अंक और निफ्टी 112.10 अंक की गिरावट के साथ 24,471.70 अंक पर बंद हुआ था।

भाषा रमण अजय

अजय