आर्डी इंडस्ट्रीज का शेयर पहले दिन के कारोबार में 27 प्रतिशत चढ़ा

Ads

आर्डी इंडस्ट्रीज का शेयर पहले दिन के कारोबार में 27 प्रतिशत चढ़ा

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 04:54 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 04:54 PM IST

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) आर्डी इंडस्ट्रीज का शेयर बुधवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अपने 53 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले करीब 27 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

बीएसई पर कंपनी के शेयर ने 73.60 रुपये पर कारोबार शुरू किया जो निर्गम मूल्य से 38.86 प्रतिशत अधिक है। अंत में यह 26.66 प्रतिशत की तेजी के साथ 67.13 रुपये पर बंद हुआ।

एनएसई पर यह निर्गम मूल्य से 35.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के अंत में यह 26.64 प्रतिशत चढ़कर 67.12 रुपये पर रहा।

कंपनी का बाजार पूंजीकरण 2,115.94 करोड़ रुपये रहा।

दिन में बीएसई पर कंपनी के 125.16 लाख शेयर और एनएसई पर 1,302.76 लाख शेयर का कारोबार हुआ।

आर्डी इंडस्ट्रीज के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। पिछले सप्ताह शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन आईपीओ 133.66 गुना अभिदान के साथ बंद हुआ था।

कंपनी के 426 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 50-53 रुपये प्रति शेयर था। आईपीओ 320 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और 1.99 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण था।

नए शेयरों की बिक्री से प्राप्त राशि में से 220 करोड़ रुपये कंपनी की अतिरिक्त कार्यशील पूंजी की जरूरतों, 22 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने के लिए और शेष राशि सामान्य कंपनी कामकाज के लिए इस्तेमाल की जाएगी।

आर्डी इंडस्ट्रीज संसाधनों का अनुकूलतम इस्तेमाल यानी ‘सर्कुलर इकॉनमी’ क्षेत्र में काम करती है। कंपनी उन ऊर्जा भंडारण उत्पादों और गैर-लौह धातु कबाड़ (स्क्रैप) का पुनर्चक्रण करती है जिनकी अवधि समाप्त हो चुकी है।

भाषा निहारिका अजय

अजय