मुंबई, 12 अगस्त (भाषा) रुपया बुधवार को तीन पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.33 (अस्थायी) पर रहा। अमेरिका-ईरान के बीच जल्द समझौते और होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने की उम्मीद ने रुपये को समर्थन दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.40 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.24 से 95.43 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में तीन पैसे मजबूत होकर 95.33 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।
रुपया मंगलवार को छह पैसे टूटकर 95.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.85 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.07 प्रतिशत चढ़कर 88.97 डॉलर प्रति बैरल रहा।
कारोबारियों के मुताबिक, अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के आंकड़े डॉलर एवं रुपये की हाजिर विनिमय दर के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
उम्मीद से ज़्यादा सीपीआई से सितंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने के आसार होंगे।
सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के प्रबंध निदेशक अमित पाबरी ने कहा, ‘‘इससे रुपये पर और दबाव पड़ सकता है, जबकि महंगाई के उम्मीद से कम आंकड़े से दरों में बढ़ोतरी की संभावना घट सकती है और रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 187.90 अंक टूटकर 77,966.35 अंक पर और निफ्टी 35.75 अंक फिसलकर 24,435.95 अंक पर रहा।
शेयर बाजारों के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 258.55 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
भाषा यासिर अजय
अजय