मुंबई, आठ अप्रैल (भाषा) स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को दोपहर के कारोबार में जोरदार तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 2,989 अंक चढ़ गया जबकि एनएसई निफ्टी 890 अंक मजबूत हुआ। अमेरिका और ईरान की दो सप्ताह के लिए युद्ध विराम की घोषणा के बाद वैश्विक बाजारों में आई तेजी और कच्चे तेल के दाम में नरमी से घरेलू बाजार में मजबूती आई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 2,988.82 अंक यानी चार प्रतिशत चढ़कर 77,605.40 अंक पर पहुंच गया।
वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 890.35 अंक यानी 3.85 प्रतिशत बढ़कर 24,014 अंक पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन के शेयर में सबसे ज्यादा करीब 10 प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा भी प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ, टेक महिंद्रा, सन फार्मा और पावर ग्रिड के शेयरों में गिरावट रही।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 13.70 प्रतिशत टूटकर 94.44 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक और शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के ने कहा, ‘‘बाजार में तेजी का मुख्य कारण अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में दो सप्ताह के विराम की घोषणा और ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्रदान करने की सहमति है। इससे ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान से संबंधित तात्कालिक चिंताओं में कमी आई है…।’’
उन्होंने कहा कि वैश्विक तनाव में कमी के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई है। यह मुद्रास्फीति और मुद्रा दोनों ही दृष्टिकोण से भारत के लिए काफी सकारात्मक है।
भाषा रमण अजय
अजय