नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से महंगाई की चिंताओं के बीच चांदी की वायदा कीमतों में सोमवार को करीब एक प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में जुलाई में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों की कीमत 1,832 रुपये या करीब एक प्रतिशत टूटकर 2,70,054 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। लगातार तीसरे सत्र में चांदी की कीमतों में गिरावट आई है।
विश्लेषकों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने वैश्विक स्तर पर महंगाई की चिंताओं को बढ़ा दिया है। इससे प्रमुख केंद्रीय बैंकों द्वारा लंबे समय तक सख्त मौद्रिक नीति बनाए रखने के आसार हैं जिससे कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा है।
उन्होंने कहा कि विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में न्यूयॉर्क में जुलाई अनुबंध के लिए कॉमेक्स पर चांदी का वायदा भाव करीब तीन प्रतिशत घटकर 75.48 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
भाषा निहारिका
निहारिका