ग्वालियर के दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र में 10,000-12,000 करोड़ रुपये निवेश जुटाने का लक्ष्य: सिंधिया
ग्वालियर के दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र में 10,000-12,000 करोड़ रुपये निवेश जुटाने का लक्ष्य: सिंधिया
नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि ग्वालियर में स्थापित किए जा रहे दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र (टीएमजेड) में 10,000-12,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है।
दूरसंचार विभाग और मध्य प्रदेश सरकार ने ग्वालियर में 170 एकड़ क्षेत्र पर टीएमजेड की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
सिंधिया ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि दूसरे चरण के आखिर तक टीएमजेड के लिए कुल निवेश 10,000 से 12,000 करोड़ रुपये के दायरे में होगा।’’
सरकार ने परियोजना के पहले चरण में 2,000 करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 4,500 लोगों के लिए रोज़गार के अवसर का लक्ष्य रखा था।
हालांकि, समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के कार्यक्रम के तुरंत बाद हुई एक बैठक में निवेशकों ने लगभग 3,500 करोड़ रुपये के निवेश और करीब 14,500 लोगों के लिए रोज़गार के अवसर पैदा करने का वादा किया।
टीएमजेड में 14 कंपनियों ने निवेश करने की घोषणा की है। इनमें एचएफसीएल ने 700 करोड़ रुपये, डिक्सन टेक्नोलॉजीज ने 200 करोड़ रुपये, वीवीडीएन ने 500 करोड़ रुपये, ऑप्टिमस इन्फ्राकॉम ने 150 करोड़ रुपये, स्पर्श सीसीटीवी ने 300 करोड़ रुपये, सिरमा एसजीएस ने 250 करोड़ रुपये, लावा इंटरनेशनल ग्रुप ने 130 करोड़ रुपये और पैरामाउंट केबल ने 200 करोड़ रुपये के निवेश का वादा किया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि टीएमजेड के लिए यह योजना देश को आत्मनिर्भर बनाने के सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
संचार राज्यमंत्री पेम्मासानी चंद्रशेखर ने कहा कि मोबाइल फ़ोन और इलेक्ट्रॉनिक्स के निर्यात के मामले में भारत ने कई गुना तरक्की की है, लेकिन फिर भी इनमें इस्तेमाल होने वाले सिर्फ़ 20 प्रतिशत कलपुर्जे ही भारत में बनते हैं।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


