Chhattisgarh Crime News / Image Source : IBC24
बलरामपुर : Chhattisgarh Crime News छत्तीसगढ़ के बलरामपुर ज़िले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ नवविवाहिता की लाश कुएँ में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया है। महिला की शादी दो साल पहले हुई थी और बच्चा न होने के कारण घर में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जाँच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला बलरामपुर ज़िले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कर्रा का है। Balrampur News बताया जा रहा है कि मृतिका शीला लकड़ा की शादी दो साल पहले हुई थी और दो साल बाद भी उसका कोई बच्चा नहीं हुआ था। बच्चा न होने के कारण घर में तनाव बना हुआ था। कल ही महिला अपने पति के साथ अंबिकापुर से बच्चा होने के लिए प्रार्थना कराकर घर आई थी।
बताया जा रहा है कि घटना बीती रात तकरीबन 1:00 बजे की है। महिला का पति जब देर रात अचानक उठा तो उसने बिस्तर पर अपने बगल में पत्नी को नहीं देखा, जिससे उसे चिंता होने लगी। पति ने पूरे घर में खोजबीन की, लेकिन कहीं उसका पता नहीं चला। बताया जा रहा है कि घर का कुत्ता लगातार घर से कुएँ की तरफ जा रहा था। कुत्ते की हरकत के बाद जब कुएँ में टॉर्च की रोशनी से देखा गया तो शीला लकड़ा की लाश पानी में तैरती हुई मिली। पति ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुँची और डेड बॉडी को कुएँ से निकालकर जाँच में जुट गई है। इस मामले में कई तरह के आरोप लग रहे हैं। मृतिका के माता-पिता ने हत्या का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस की टीम ने डेड बॉडी का निरीक्षण किया तो कहीं भी चोट के निशान नहीं पाए गए। अब मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पीएम रिपोर्ट का इंतज़ार है। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी जाँच में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस इस मामले में हर एंगल से जाँच कर रही है।