छत्तीसगढ़ : भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े

छत्तीसगढ़ : भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े

छत्तीसगढ़ : भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
Modified Date: July 22, 2026 / 09:30 pm IST
Published Date: July 22, 2026 9:30 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

रायपुर, 22 जुलाई (भाषा) छत्तीसढ़ में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के नजदीक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के धरने के खिलाफ बुधवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय का घेराव करने की कोशिश की।

भाजपा ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी ‘अराजकता और हिंसा’ फैलाने की कोशिश कर रही है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने रायपुर के ‘टर्निंग पॉइंट’ चौराहे के पास पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधक पार करने और प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ‘राजीव भवन’ की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उनपर पानी की बौछारें छोड़ी और आंसू गैस के गोले दागे।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘पुलिस सुरक्षा’ में उसके कार्यकर्ताओं पर पथराव किया। विपक्षी पार्टी ने दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में राहुल गांधी के विरोध-प्रदर्शन से सत्तारूढ़ दल घबरा गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पूरे देश में अराजकता का माहौल बनाने की योजना बनाई थी।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करके और उनके आवास के बाहर विरोध-प्रदर्शन करके, राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने देश का माहौल खराब करने की कोशिश की है।’’

देव ने गांधी की मंशा पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता भारत में बांग्लादेश जैसी अशांति पैदा करना चाहते हैं।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी खुद को संविधान और संवैधानिक संस्थाओं से ऊपर मानते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की है, लेकिन भारत इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।’’

प्रदेश कांग्रेस के संप्रेषण विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राज्य सरकार और पुलिस की सुरक्षा में पार्टी मुख्यालय पर ‘‘सुनियोजित हमला’’ किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता ट्रैक्टर भरकर पत्थर लाए थे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्थर, पानी की बोतलें फेंकीं।

शुक्ला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पार्टी कार्यालय के बाहर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के पांच गोले दागे और पानी की बौछारें छोड़ी, जबकि भाजपा के प्रदर्शनकारियों के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में