रायपुर, दो जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में मंगलवार तड़के एक इस्पात निर्माण इकाई के ‘कैप्टिव पावर प्लांट’ खंड में आग लग गई। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के मीवान इस्पात के संयंत्र में लगी इस आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि आग से आसमान में धुआं उठ रहा था, जो कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।
अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि टरबाइन जनरेटर की नियंत्रण लाइन की एक पाइप से तेल रिसने के बाद आग भड़क उठी। चूंकि प्रभावित क्षेत्र के पास ही ‘स्टीम लाइन’ भी थी, इसलिए आग ने विकराल रूप ले लिया।
अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग ने कुछ ही घंटों में आग पर काबू पा लिया, जबकि पुलिस ने घटनाक्रम का सटीक पता लगाने और संपत्ति के नुकसान का आकलन करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
भाषा
खारी रंजन
रंजन