Kawardha Ajooba Sadak : छत्तीसगढ़ के इस ज़िले में बनी ‘अजूबी सड़क’, ठेकेदार ने बीच सड़क में ही छोड़ दी ऐसी चीज़, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

Ads

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पिपरिया में बन रही 5 करोड़ रुपये की सड़क चर्चा का विषय बन गई है, जहां निर्माण के दौरान बिजली के खंभे और हैंडपंप हटाए बिना ही सड़क बना दी गई। इससे सड़क के बीचों-बीच खंभे खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

HIGHLIGHTS
  • पिपरिया में 5 करोड़ रुपये की सड़क पर बीचों-बीच खड़े बिजली के खंभे
  • बिना शिफ्टिंग के सड़क निर्माण से बढ़ा हादसे का खतरा
  • स्थानीय लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता और लेवलिंग पर उठाए सवाल

कवर्धा: Kawardha Ajooba Sadak छत्तीसगढ़ का कवर्धा जिला के पिपरिया में इन दिनों “अजूबा सड़क” चर्चा का विषय बनी हुई है। करोड़ों की लागत से बन रही सड़क के बीचों-बीच बिजली के खंभे खड़े हैं, लेकिन ठेकेदार ने खंभे हटाने का इंतजार किए बिना ही सड़क निर्माण कर दिया। हालत यह है कि कहीं सड़क के बीच बिजली का खंभा तो कहीं हैंडपंप नजर आ रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं गुणवत्ता को लेकर भी स्थानीय लोग सवाल खड़े कर रहे हैं।

5 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क

दरअसल, करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से पिपरिया से गांगपुर तक 3.80 किलोमीटर सड़क बनाई जा रही है, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क का लेवल सही नहीं है, जगह-जगह अपर-डिपर है और साइड शोल्डर अभी से धंसने लगे हैं। जगह-जगह बिजली के खंभे और हैंडपंप को बिना शिफ्टिंग किए सड़क निर्माण करा दिया गया, जो बड़े हादसों को आमंत्रित कर रहा है।

“खंभों और हैंडपंप को जल्द शिफ्ट किया जाएगा”

मामले में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि बिजली के खंभे हटाने के लिए विद्युत विभाग से अनुमति मांगी गई थी, जो देर से मिली। बाकी खंभों और हैंडपंप को जल्द शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों ने दावा किया है कि संतोषजनक काम नहीं होने तक ठेकेदार को भुगतान नहीं किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़ें :