प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में पुलिस अधीक्षक साइकिल से कार्यालय पहुंचे

Ads

प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में पुलिस अधीक्षक साइकिल से कार्यालय पहुंचे

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 05:03 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 05:03 PM IST

कवर्धा (छत्तीसगढ़), 12 मई (भाषा) ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील से प्रेरित होकर मंगलवार को कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह साइकिल पर अपने निवास स्थान से कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सिंह ने अपने इस कदम के जरिये एक प्रेरणादायक पहल की है।

उन्होंने कहा कि सिंह ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी ईंधन की खपत कम करने के लिए साइकिल का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने और पैदल चलने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन की बचत केवल आवश्यकता ही नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि यदि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाया जाए तो ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि जिनका निवास कार्यालय के समीप है, वे यथासंभव पैदल कार्यालय आएं तथा वाहन के अनावश्यक उपयोग से बचें।

पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से यह आग्रह भी किया गया कि प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिन अपने कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए साइकिल का इस्तेमाल करें या पैदल चलें, जिससे ईंधन की बचत के साथ-साथ स्वास्थ्य को भी फायदा हो।

अधिकारियों ने बताया कि इस पहल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और पुलिस उपाधीक्षक संजय ध्रुव समेत कार्यालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी भी सहभागी बने तथा साइकिल से कार्यालय पहुंचकर ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

भाषा सं संजीव जोहेब

जोहेब