रायबरेली (उप्र), 19 मई (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली के दौरे के दौरान जिले की सीमा पर स्थित चुरुवा हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
कांग्रेस नेता और पार्टी के ‘सूचना का अधिकार’ (आरटीआई) प्रकोष्ठ के अध्यक्ष उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि रायबरेली और अमेठी के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन गांधी ने हिंदू ज्येष्ठ महीने के तीसरे ‘बड़ा मंगल’ के अवसर पर रास्ते में रुककर हनुमान मंदिर में दर्शन किये।
उन्होंने बताया कि लखनऊ से चला गांधी का काफिला जब रायबरेली की सीमा पर पहुंचा तो वह एक हनुमान मंदिर के पास रुके और मंदिर में दर्शन करने गये।
सिंह ने बताया कि मंदिर के पुजारी ने परंपरा के अनुसार पूजा-पाठ और अनुष्ठान संपन्न कराए। उन्होंने बताया कि गांधी कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना होने से पहले मंदिर में कुछ देर तक रुके।
लखनऊ और उसके आसपास के क्षेत्रों में ‘बड़ा मंगल’ का विशेष महत्व है। इस मौके पर जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया जाता है।
भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब