HIGHLIGHTS
- रायपुर में ‘दी रामेश्वरम कैफे’ फ्रेंचाइजी के नाम पर 56 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी।
- ठगों ने खुद को अधिकारी और पब्लिक रिलेशन मैनेजर बताकर कारोबारी को झांसा दिया।
- साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान और लोकेशन पता करने की कार्रवाई शुरू की।
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मशहूर ‘दी रामेश्वरम कैफे’ (The Rameshwaram Cafe) की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर एक बड़े धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ठगों ने खुद को कैफे का बड़ा अधिकारी बताकर गंज निवासी एक कारोबारी के साथ 56 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाई शुरू कर दी है।
पब्लिक रिलेशन मैनेजर बनकर किया था संपर्क
पीड़ित कारोबारी आशीष तिवारी ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि ठगों ने बैंगलुरु के प्रसिद्ध ‘दी रामेश्वरम कैफे’ के संस्थापक, हेड ऑफ डिपार्टमेंट और पब्लिक रिलेशन मैनेजर बनकर उनसे संपर्क किया था। फ्रेंचाइजी की प्रक्रियाओं और सुरक्षा निधि के नाम पर शातिर ठगों ने कारोबारी को झांसे में लिया और अलग-अलग बैंक खातों में कुल 56 लाख रुपये से ज्यादा जमा करवा लिए। The Rameshwaram Cafe Franchise Fraud जब काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई फ्रेंचाइजी अलॉट नहीं हुई, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
पुलिस ने मामला किया दर्ज
गंज थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात खाताधारकों के खिलाफ धोखाधड़ी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अब उन बैंक खातों के विवरण खंगाल रही है जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन और पहचान का पता लगाया जा रहा है।